Jamshedpur News: छत की दीवार को लेकर विवाद, घर में घुसकर मारपीट, तीन घायल
पति-पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में छत निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने मोहम्मद इस्माइल आलम के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र के हिलब्यू कॉलोनी में छत निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। ग्वाला पट्टी के कुछ लोगों पर आरोप है कि उन्होंने मोहम्मद इस्माइल आलम के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पीड़ित मोहम्मद इस्माइल आलम ने जुगसलाई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वे अपने घर की छत की ढलाई करा रहे थे। बारिश के पानी की निकासी के लिए उन्होंने छत पर सिंगल ईंट का बाउंड्री वॉल बनवाया था। इसी दौरान पड़ोस के दीपू ग्वाला, पप्पू गड्डी, आलम गड्डी, कंजा गड्डी, राजा और बाबू सहित अन्य लोगों ने निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि छत पर बनाई गई दीवार उनकी जमीन की ओर झुक रही है और ईंट उनके हिस्से में आ रही है।
मोहम्मद इस्माइल आलम के अनुसार, विवाद को बढ़ने से रोकने के लिए उन्होंने राज मिस्त्री से दीवार की ईंट हटवाने की कोशिश की। लेकिन इसी बीच आरोपियों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए उनके घर में घुसकर दरवाजे और खिड़कियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें वे, उनकी पत्नी और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, परसुडीह पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
