Hazaribagh News: दर्दनाक रेल दुर्घटना में युवक की मौत, वंदे भारत की टक्कर से गई जान
स्थानीय लोगों ने रेलवे पर लगाया सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप
हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार सुबह करीब 11 बजे वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से कटकमदाग के नावाटांड निवासी ईश्वर कुमार (बाबू) की दर्दनाक मौत हो गई। ईश्वर अपने परिवार का सबसे छोटा पुत्र और मुख्य सहारा था। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।
हजारीबाग: टाउन रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को एक दर्दनाक रेल दुर्घटना में युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे वंदे भारत ट्रेन की टक्कर से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कटकमदाग थाना क्षेत्र के नावाटांड कदमा निवासी ईश्वर कुमार उर्फ बाबू (पिता: मनोज राम) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि रेलवे की ओर से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण इस क्षेत्र में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। मृतक का परिवार गरीब बताया जा रहा है, इसलिए परिजनों ने रेलवे प्रशासन से उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
