Dhanbad News: बीसीसीएल सीएमडी से आउटसोर्सिंग कंपनियों की शिकायत
पीबी एरिया में ओबी कटिंग से फैला प्रदूषण, सांस लेना हुआ दूभर
ग्रामीण एकता मंच के केंद्रीय अध्यक्ष रंजीत सिंह उर्फ बबलू सिंह ने बीसीसीएल के सीएमडी को पत्र लिखकर पीबी एरिया संख्या-7 में आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा फैलाई जा रही धूल पर अविलंब रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोपालीचक, खैरा और पुटकी क्षेत्र में नियम विरुद्ध ओबी कटिंग और कोयला परिवहन से स्थानीय लोग और स्कूली बच्चे गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मंच ने चेतावनी दी है कि यदि पानी का नियमित छिड़काव और प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
धनबादः ग्रामीण एकता मंच के केंद्रीय अध्यक्ष रंजीत सिंह उर्फ बबलू सिंह ने बीसीसीएल के सीएमडी को पत्र लिखकर पीबी एरिया संख्या-7 के अंतर्गत गोपालीचक नंबर-2, खैरा व पुटकी क्षेत्र में आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा की जा रही ओबी कटिंग से फैल रहे धूल पर अविलंब रोक लगाने की मांग की है। पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनियां डीजीएमएस तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देशों की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से ओबी कटिंग कर रही हैं। इसके कारण पूरे इलाके में दिन-रात धूल-गर्दा का गुबार छाया रहता है। धूल के कारण स्थानीय लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन तथा कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

