Hazaribagh News: ससुराल में विवाहिता की मौत, पिता ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
मोटरसाइकिल और रुपयों के लिए 2019 से ही किया जा रहा था प्रताड़ित
बरही प्रखंड के दुलमाहा गांव में विवाहिता रिषु कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वालों ने शव को बरही अनुमंडलीय अस्पताल में लावारिस छोड़ दिया और फरार हो गए। मृतक के पिता राजकुमार राम ने आरोप लगाया है कि 2019 में शादी के बाद से ही मोटरसाइकिल और नकदी के लिए उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने पति विकास कुमार समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरही: प्रखंड अंतर्गत कोल्हुआकला पंचायत के बेला गांव की रिषु कुमारी की मौत उसके ससुराल दुलमाहा में हो गई। ससुराल वाले रिषु कुमारी के शव को बरही अनुमंडलीय अस्पताल में छोड़कर चले गए। किसी ने रिषु कुमारी के पिता राजकुमार राम ग्राम बेला को रिषु के बीमार होने की जानकारी दी और उन्हें बरही अनुमंडलीय अस्पताल बुलाया। राजकुमार राम जब बरही अस्पताल पहुंचे तो देखा कि उनकी पुत्री की मौत हो गई है। ससुराल के एक भी व्यक्ति वहां मौजूद नहीं है। राजकुमार राम ने ससुराल वालों पर उनकी पुत्री की हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए बरही थाना में आवेदन दिया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। राजकुमार राम ने कहा है कि उसकी पुत्री रिषु कुमारी का विवाह 2019 में दुलमाहा गांव के विकास कुमार पिता इंद्रदेव राम के साथ हुआ था।

