Chaibasa News : जर्जर मकान से अधेड़ का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से की पूछताछ
पूर्वी सिंहभूम के उलीडीह थाना क्षेत्र में एक जर्जर मकान से अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रितुल कर्मकार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
पूर्वी सिंहभूम: पुलिस ने उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित एक जर्जर मकान के भीतर से शनिवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान रितुल कर्मकार के रूप में की गई है, जो आसपास के क्षेत्र में रहकर भिक्षाटन कर अपना जीवनयापन करता था।
घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि व्यक्ति वहां कब और कैसे पहुंचा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह कुछ लोगों ने जर्जर पड़े मकान के भीतर उसे अचेत अवस्था में देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। बताया जाता है कि रितुल कर्मकार का स्थायी ठिकाना नहीं था और वह अधिकतर समय पुराने और खाली पड़े मकानों या छायादार स्थानों में रात गुजारा करता था।
पुलिस ने शव के आसपास से कुछ खाली शराब की बोतलें और उपयोग किए गए प्लास्टिक के गिलास भी बरामद किए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। उलीडीह थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
