Bokaro News: एग्जीक्यूटिव ऑफ द क्वार्टर' पुरस्कार से सम्मानित हुए बीएसएल के उत्कृष्ट अधिकारी
अधिकारियों की उपलब्धि पर विभाग में उत्सव का माहौल
बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) में 'एग्जीक्यूटिव ऑफ द क्वार्टर अवार्ड' समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने संयंत्र और झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस के 9 अधिकारियों को सम्मानित किया। यह पुरस्कार उत्पादन, नवाचार और लागत नियंत्रण के क्षेत्र में असाधारण कार्य के लिए दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों के मनोबल को बढ़ाना और संगठन की कार्य-संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करना है।
बोकारो: इस्पात संयंत्र में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से 'एग्जीक्यूटिव ऑफ द क्वार्टर अवार्ड स्कीम' के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन उपस्थित थे।कार्यक्रम में संयंत्र के अधिशासी निदेशक, विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक तथा अन्य वरीय अधिकारी भी सम्मिलित हुए। समारोह के दौरान बोकारो इस्पात संयंत्र एवं झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस के कुल नौ अधिकारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान हेतु इस प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित गया।

निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने सभी पुरस्कृत अधिकारियों एवं उनके परिजनों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके द्वारा प्रदर्शित कार्य-कुशलता की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उत्कृष्टता का प्रतीक है, बल्कि यह संगठन की सामूहिक प्रगति और कार्य-संस्कृति को बेहतर बनाने के लिए एक सशक्त प्रेरणा स्रोत भी है। विदित हो कि 'एग्जीक्यूटिव ऑफ द क्वार्टर अवार्ड' का मुख्य उद्देश्य उत्पादन, उत्पादकता में वृद्धि, लागत नियंत्रण तथा नवाचार के क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित करना है।सभी पुरस्कृत अधिकारियों ने भविष्य में भी अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में इसी ऊर्जा और उत्कृष्टता के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस प्रकार के प्रोत्साहन कार्यक्रमों से न केवल अधिकारियों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि यह संयंत्र के उत्पादन लक्ष्यों और परिचालन उत्कृष्टता को प्राप्त करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम का सुचारू समन्वय सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) अभिषेक द्वारा किया गया तथा समारोह के अंत में उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) माला रानी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
