बिट्टू विवाद पर भाजपा का हमला, राहुल गांधी के बयान पर सियासी घमासान
हरदीप सिंह पुरी ने बयान को बताया गंभीर और आपत्तिजनक
राहुल गांधी द्वारा रवनीत सिंह बिट्टू को ‘देशद्रोही’ कहे जाने पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसे गंभीर टिप्पणी बताते हुए राजनीतिक संवाद में मर्यादा बनाए रखने की बात कही।
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को “देशद्रोही” कहे जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार करते हुए उन्हें सिख विरोधी बताया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “सिर्फ इसलिए कि पगड़ी पहनने वाला कोई व्यक्ति आपकी पार्टी छोड़ दे, उसे देशद्रोही कहना बिल्कुल गलत और अस्वीकार्य है।” उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि किसी भी समुदाय के व्यक्ति को इस तरह का लेबल देना न तो सही है और न ही स्वीकार्य। हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि संसद के भीतर और बाहर राजनीतिक संवाद की भाषा शालीन और मर्यादित होनी चाहिए। लोकतंत्र में असहमति हो सकती है, लेकिन भाषा की गरिमा बनाए रखना सभी नेताओं की जिम्मेदारी है।
उधर, संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी के ‘गद्दार’ कहे जाने का जवाब देते हुए कहा, “कांग्रेस और गांधी परिवार ने पंजाब में आग लगाई थी। हमारे सबसे बड़े गुरुद्वारे स्वर्ण मंदिर पर गोलियां चलाई गईं। हज़ारों सिखों और पंजाबियों को निशाना बनाया गया और उनकी हत्या की गई। अगर राजीव गांधी को ‘शहीद’ कहा जाता है, तो हमें शहीद-ए-आज़म सरदार बेअंत सिंह को भी शहीद कहना चाहिए। मैं भी उसी परिवार से आता हूँ, यह मेरा दर्द है।”
उन्होंने आगे कहा, “एक शहीद का पोता तब तक ठीक था, जब तक मैं उनके साथ था। अब जब मैं भाजपा में हूँ तो वह मेरे लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वह अपने आप को क्या समझते हैं? उन्होंने मेरी ओर ऐसे हाथ बढ़ाया, जैसे वह कोई शहंशाह हों। वह खुद को इस देश और दुनिया का मालिक समझते हैं।”
बिट्टू ने कहा कि वे गांधी परिवार से नहीं हैं, लेकिन उनके सिर पर पगड़ी है। इसलिए जब राहुल गांधी ने उनसे हाथ मिलाने की कोशिश की तो उन्होंने कहा, “आप लोग तो देश के गद्दार हैं, देश के दुश्मन हैं।”
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
