बागीचों और तालाब किनारे 'क्षत्रपों' की सज रहीं महफिलें, चुनावी गणित के 'सेटिंग्स' में जुटे प्रत्याशी
पोस्टर और बैनर से गली-मोहल्ले रंगीन
नगर निकाय आम चुनाव को लेकर Sahibganj शहर और गांवों में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। दीवारें पोस्टर-पंपलेट से पट गई हैं और प्रत्याशी एक-एक मतदाता को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। गांवों में भी शाम होते ही चुनावी महफिलें सज रही हैं।
साहिबगंज : नगर निकाय आम चुनाव में शहर और गांवों की दीवारें छोटे-बड़े पंपलेट, बैनर और पोस्टरों से पटी है। एक-एक वार्ड में कम से कम आधा दर्जन या इससे अधिक प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, चुनाव के लिए पूरा जोर भी उनकी तरफ से लगाया जा रहा है। चुनाव की तिथि की घोषणा और चुनाव चिन्ह मिलने के बाद प्रत्येक प्रत्याशी रंग-बिरंगे पंपलेट, पोस्टर और बैनर छपवा कर अपना प्रचार करना शुरू कर दिया था, जो अभी तक जारी है।

मतदाताओं के मांग के अनुरूप प्रत्याशी अपने को मैनेज करने में लगे हैं। मतदान को करीब तीन दिन बाकी हैं, इसीलिए किसी भी समीकरण को उलटने और बैठाने में हर प्रत्याशी पूरी ताकत लगा रहे हैं। जहां जैसी सूचना मिलती है और जहां जैसी डिमांड पहुंचती है उसे पूरा करने में प्रत्याशी मना करने का जोखिम नहीं उठा रहे हैं।
इतना ही नहीं, गांव के बागीचों और तालाब किनारे भी महफिलें जम रही हैं। चुनाव का माहौल गांवों में भी पूरी तरह रंग जमा चुका है। प्रत्याशी और उनके चाहने वाले मतदाताओं के लिए उनकी मांग के अनुसार इंतजाम भी कर रहे हैं। शाम होते ही गांवों के बागीचों और तालाब किनारे चुनिंदा 'क्षत्रपों' की महफिलें सज जाती है। यहीं से खान-पान की शुरुआत होती है और देर रात तक इस महफिल में चुनाव की चर्चा चलती है।
इसी महफिल में नित नए समीकरण भी बनाए जा रहे हैं। वहीं, बिगड़ते समीकरणों को साधने के लिए रणनीति भी बनाई जा रही है। प्रत्याशियों के समर्थक अपने स्तर पर एक-एक वोटर पर नजर रखने का काम भी कर रहे हैं। जैसे ही किसी मतदाता के दूसरे प्रत्याशी के पक्ष में बहकने की सूचना आती है। प्रत्याशी के समर्थक और प्रत्याशी खुद मतदाता को साधने में लग जाते हैं। एक-एक मतदाता के मिजाज को ध्यान में रखकर चुनावी गणित 'सेट' किया जा रहा है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
