Sahebganj News: मनरेगा कर्मचारी संघ का जिला मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन
सकारात्मक निर्णय न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की दी चेतावनी
साहिबगंज में मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले जिले के विभिन्न प्रखंडों के कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने नियमितीकरण, मानदेय में बढ़ोतरी और सेवा सुरक्षा जैसी प्रमुख मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। संघ के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
साहिबगंज: मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना में जिले के बोरियो, उधवा, बरहरवा, पतना, मंडरो सहित विभिन्न प्रखंडों से आए मनरेगा कर्मियों ने भाग लेकर सरकार से अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। धरना को संबोधित करते हुए संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि मनरेगाकर्मी लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कर्मियों को नियमितीकरण, मानदेय में बढ़ोतरी, सेवा सुरक्षा सहित अन्य सुविधाएं दी जानी चाहिए।

