Sahebganj News : कांग्रेस कार्यालय में लगा जनता दरबार, ग्रामीणों ने रखी अपनी शिकायतें
प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त में देरी की शिकायत
बरहरवा के कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने ग्रामीणों और शहरी लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को जल्द समाधान के निर्देश दिए।
बरहरवा : कांग्रेस कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में बुधवार को बड़ी संख्या में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। जनता दरबार में विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को जल्द समाधान के लिए निर्देशित किया। जनता दरबार में जमीन विवाद, भूमि अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास योजना, पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा, जाति-आय और निवास प्रमाण पत्र, आधार अपडेट तथा बैंकिंग से जुड़ी विभिन्न समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

इस दौरान बरहरवा प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों से आए ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त मिलने में हो रही देरी की शिकायत की। इस पर विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला स्तर के अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि दूसरी किस्त की राशि जारी की जा रही है। इसके बाद बरकत खान ने प्रखंड के संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए लाभुकों की समस्याओं का जल्द समाधान करने को कहा।
जनता दरबार में बरकत खान ने सभी फरियादियों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक भेजते हुए भरोसा दिलाते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे। इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू सहित कई कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
