Chaibasa News : पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर युवक ने दी जान
रेलवे के पुराने भवन में रह रहा था युवक
पश्चिमी सिंहभूम के किरीबुरू थाना क्षेत्र के करमपदा गांव में 22 वर्षीय युवक दीपक पूर्ति ने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पश्चिमी सिंहभूम : जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र अंतर्गत करमपदा गांव में बुधवार की देर रात एक युवक ने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान दीपक पूर्ति (22) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दीपक पूर्ति अपनी पत्नी के साथ करमपदा गांव में रेलवे के एक पुराने भवन में रह रहा था। बुधवार की रात किसी समय उसने अपनी पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर उसी भवन के अंदर फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली।
गुरुवार सुबह कुछ बच्चे खेलते-खेलते उस भवन के पास पहुंचे। बच्चों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो दीपक पूर्ति को फंदे से लटका हुआ पाया। यह देखकर बच्चे घबरा गए और शोर मचाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी।
इसके बाद ग्रामीण तुरंत भवन के अंदर पहुंचे और दीपक को फंदे से नीचे उतारकर उसकी जान बचाने की कोशिश की। लोगों ने उसे प्राथमिक उपचार देने का भी प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि दीपक का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि खुदकुशी के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ पाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मामले को लेकर पुलिस को भी सूचना दे दी गई है और आगे की जांच की जा रही है।
