Sahebganj News: उपायुक्त ने की कृषि और आत्मा योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक
यूरिया के ज्यादा इस्तेमाल से गिर जाती है फसल: हेमंत सती
साहिबगंज उपायुक्त हेमंत सती ने कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में हालिया वर्षा से हुई फसलों की क्षति का आकलन किया और किसानों को यूरिया के अत्यधिक उपयोग के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया बैठक में बताया गया कि जिला डिजिटल क्रॉप सर्वे में राज्य में चौथे स्थान पर है साथ ही उपायुक्त ने मिलेट मिशन के तहत सात मिलेट कैफेटेरिया की स्थापना और ब्लॉकचेन प्रणाली में नए किसानों के निबंधन में तेजी लाने की बात कही इसके अलावा सोलर पंप वितरण और रबी बीजों के सफल वितरण पर संतोष जताते हुए आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
साहिबगंज: गुरुवार की देर शाम उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में कृषि विभाग एवं आत्मा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन उपायुक्त कार्यालय कक्ष में किया गया। बैठक के प्रारंभ में दिनांक 10.03.2026 को जिले में हुई वर्षा के कारण मक्का एवं गेहूँ की फसलों को हुई क्षति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि यूरिया के अत्यधिक उपयोग से फसलों का तना कमजोर हो जाता है, जिससे हल्की हवा एवं वर्षा में भी फसल गिर जाती है। इस पर उपायुक्त ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक को किसानों के बीच यूरिया के संतुलित उपयोग को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत उपायुक्त द्वारा कृषि से संबंधित विभिन्न योजनाओं, जैसे- रबी बीज वितरण, बिरसा फसल विस्तार योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मिट्टी नमूना संग्रह, किसान क्रेडिट कार्ड, झारखण्ड कृषि ऋण माफी योजना, झारखण्ड राज्य मिलेट मिशन योजना, फसल सुरक्षा कार्यक्रम, “प्रति बूँद अधिक फसल”, डिजिटल क्रॉप सर्वे, किसान समृद्धि योजना, आत्मा एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन की प्रगति की समीक्षा की गई। बिरसा फसल विस्तार योजना अंतर्गत रबी मौसम में सौ प्रतिशत बीज वितरण पर उपायुक्त ने संतोष व्यक्त किया। साथ ही गरमा मूंग एवं मक्का बीज का अविलंब वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उल्लेखनीय है कि जिले को 125 क्विंटल गरमा मूंग एवं 50 क्विंटल मक्का प्राप्त हुआ है, जिसका वितरण प्रखंड स्तर पर स्थित संकुलों के माध्यम से निःशुल्क किया जा रहा है। झारखण्ड राज्य मिलेट मिशन योजना के अंतर्गत जिले में मिलेट कैफेटेरिया की स्थापना हेतु प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। ज्ञात हो कि JSLPS के सखी मंडलों द्वारा जिले में कुल 07 मिलेट कैफेटेरिया संचालित किए जाने हैं।

जिले में ब्लॉकचेन प्रणाली के अंतर्गत अब तक कुल 59,894 किसानों का निबंधन किया जा चुका है। उपायुक्त ने सभी प्रखंड तकनीकी प्रबंधकों एवं सहायक तकनीकी प्रबंधकों को एक माह के भीतर प्रत्येक प्रखंड से न्यूनतम 1000 नए किसानों का निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। किसान समृद्धि योजना के तहत सभी प्रखंडों को लक्ष्य के अनुरूप चलंत सोलर पम्प इकाइयों का वितरण शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। जिले में अब तक 337 पम्प सेटों का कार्यादेश जारी किया गया है, जिनमें से 292 पम्प सेट स्थापित किए जा चुके हैं तथा 285 पम्पों का भौतिक सत्यापन भी पूर्ण कर लिया गया है।
आगामी वित्तीय वर्ष के लिए कार्य योजना भी तैयार की गई, जिसमें मिट्टी नमूना संग्रह में वृद्धि, ब्लॉकचेन प्रणाली में नए किसानों का निबंधन, इनपुट डीलरों का भौतिक सत्यापन एवं आत्मा योजना अंतर्गत जिला प्रसार कार्य योजना को प्राथमिकता दी गई है। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अरुण कुमार भोक्ता, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) मन्टू कुमार सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक एवं सहायक तकनीकी प्रबंधकों ने भाग लिया।
Related Posts
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
Latest News
आज का AQI
PM2.5 -- µg/m³
Loading...Ranchi, Jharkhand
Last updated: Just now
