Hazaribagh News: जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक संपन्न
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक
बैठक के दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने 2024-25 वित्तीय वर्ष में तालाब स्वीकृति की स्थिति, शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हजारीबाग की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
हजारीबाग: माननीय केंद्रीय मंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक आज समाहरणालय सभागार में संपन्न हुई। इस अवसर पर हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, माननीय विधायक बरही, माननीय विधायक बरकट्ठा, माननीय विधायक मांडू, माननीय विधायक बड़कागांव, माननीय विधायक बगोदर, उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन, जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष जिला परिषद, उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजना, कृषि विभाग की योजना, स्वास्थ्य विभाग, सर्व शिक्षा अभियान, कल्याण विभाग, आपूर्ति विभाग, समाज कल्याण, बिजली विभाग, भूमि संरक्षण, भवन प्रमंडल, एनएच, वन विभाग, जिला परिषद, नगर निगम, भू-अर्जन सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की अनुपालन एवं प्रगति प्रतिवेदन और क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य हर घर तक नल से जल पहुंचाना है, इसलिए इन योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है। मंत्री महोदया ने पाइपलाइन एवं बोरिंग की गुणवत्ता की जांच हेतु प्रखंडवार जनप्रतिनिधियों को शामिल कर समिति गठित करने का निर्देश दिया। बिजली आपूर्ति से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करते हुए विधायकगणों ने कई गांवों में अब तक बिजली न पहुंचने की शिकायत की। इस पर माननीय केंद्रीय मंत्री ने तत्काल विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत शीघ्र कराने तथा बिजली समस्या के समाधान को मिशन मोड में लेने का निर्देश दिया।
बैठक में कल्याण विभाग द्वारा साइकिल वितरण में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने एवं विद्यालयों तक साइकिल पहुंचाने की व्यवस्था पर चर्चा हुई। नगर निगम द्वारा झील की सफाई हेतु उपलब्ध कराई गई मशीन की कार्यशीलता की जानकारी दी गई। नीलांबर-पीतांबर चौक स्थित वेंडर दुकानों की उपयोगिता, सड़क किनारे सूखे पेड़ों की कटाई और रोजगार सृजन से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के अंत में माननीय केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों के पदाधिकारियों को बैठक में लिए गए निर्णय एवं दिशा निर्देशों को गंभीरता पूर्वक पालन करने का निर्देश दिया।
