Giridih News: खतियानी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला हाईकोर्ट पहुंचा
कार्रवाई नहीं होने पर भू-स्वामी ने न्यायालय की ली शरण
गिरिडीह के बेंगाबाद क्षेत्र में खतियानी जमीन पर कथित अवैध कब्जे से परेशान भू-स्वामी ने विभागीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। मामले में भू-माफियाओं पर फर्जी दस्तावेज बनाकर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है।
बेंगाबाद : मधवाडीह पंचायत में खतियानी जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला अब हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से आहत भू-स्वामी नसीम अंसारी ने न्याय की मांग करते हुए हाईकोर्ट में डब्ल्यू.पी.(सी) 1332/2026 के तहत याचिका दायर की है। याचिका में कथित भू-माफियाओं समेत कई लोगों को पक्षकार बनाया गया है।

मामले की जानकारी मिलने पर भू-स्वामी ने गिरिडीह उपायुक्त, भूमि सुधार उप समाहर्ता, पुलिस अधीक्षक और बेंगाबाद अंचल अधिकारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हुई। विभागीय कार्यालयों का लगातार चक्कर लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली।
याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कोड़वाडीह और कुसुमाटांड़ के कुछ लोगों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन पर कब्जा किया है। इधर मधवाडीह पंचायत के मुखिया मो. सिद्दीक अंसारी ने कहा कि भू-माफियाओं का आतंक किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संवैधानिक तरीके से इसके खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने गरीब मजदूर की जमीन पर अतिक्रमण को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
