साहिबगंज और पाकुड़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रशिक्षण कार्यक्रम में होंगे शामिल
10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी होगा आयोजित
कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से साहिबगंज जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान और पाकुड़ जिला अध्यक्ष कुमार सरकार प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए नई दिल्ली रवाना हुए। यह कार्यक्रम राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा।
साहिबगंज : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त करने, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा एक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

प्रारंभिक एकदिवसीय प्रशिक्षण अभिमुखीकरण कार्यक्रम दिनांक 10 फरवरी 2026 को प्रातः 10:30 बजे से इंदिरा भवन, कोटला मार्ग, नई दिल्ली में संपन्न होगा। इसके पश्चात चयनित प्रतिभागियों के लिए 10 दिवसीय विस्तृत आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को मतदान केंद्र स्तर तक मजबूत करना, संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करना, आम जनता से जुड़े मुद्दों को पहचानकर उन्हें उचित मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाना तथा पार्टी कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता और संगठनात्मक दक्षता विकसित करना है। उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम में देशभर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष शामिल होंगे।
दिल्ली रवाना होने से पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी स्वयं उपस्थित होकर सभी जिला अध्यक्षों को मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पार्टी संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा तथा आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी को जनसारोकारों की आवाज और मजबूती से उठाने में मदद करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव और मार्गदर्शन को जिला एवं प्रखंड स्तर तक लागू कर कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा। पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
