Giridih News : जंगलों में चल रही अवैध भट्टियां, पेड़ों की कटाई से बढ़ रहा खतरा
जंगलों में टेंट लगाकर बनाई जा रही शराब
गावां के जंगलों में अवैध महुआ शराब भट्टियां संचालित हो रही हैं, जहां पेड़ों की कटाई कर लकड़ी जलाई जा रही है। छापेमारी के बावजूद यह धंधा नहीं रुक रहा और इसमें हानिकारक पदार्थों के इस्तेमाल से पर्यावरण व लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा है।
गिरिडीह : गावां थाना क्षेत्र के गाढ़ीसांख, डुमरझारा, सिजुवाई समेत अन्य जंगलों व पहाड़ों में इन दिनों धड़ल्ले से अवैध महुआ शराब चुलाई का धंधा चल रहा है। जंगलों में टेंट लगाकर माफिया शराब चुलाई करवा रहे हैं। इससे पेड़-पौधों को काफी नुकसान पहुंच रहा है। जंगलों को काटकर लकड़ी को भट्ठी में झोंका जाता है।

छापेमारी के बाद पुनः चालू हो जाता है धंधा
बीच बीच में वन विभाग व पुलिस के द्वारा छापेमारी की जाती है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद यह धंधा पुनः चालू हो जाता है। जंगली क्षेत्र होने के कारण पुलिस के पहुंचते ही अवैध धंधेबाज फरार हो जाते हैं। छापेमारी करने पहुंचे टीम के सदस्य जावा महुआ व शराब को नष्ट कर देते हैं। लेकिन, अवैध धंधेबाजों पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस धंधे में जुटे शराब माफिया के खिलाफ झारखंड व बिहार के कई थानों में एफआईआर दर्ज है, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि इन अवैध शराब भट्ठियों के कारण जंगलों में अपराध बढ़ रहा है।
