Giridih News: उपायुक्त की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की बैठक, लाभुकों को मिलेगा समय पर लाभ
लंबित निर्माण कार्यों के लिए भवन निर्माण विभाग से समन्वय के आदेश
समाज कल्याण अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा कर उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश. सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी द्वारा यह सुनिश्चित किया जाय कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषाहार की आपूर्ति रूके नहीं एवं सभी लाभुकों को स-समय पोषाहार मिले. जिन प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य लंबित है, भवन निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य को पूरा करें.
गिरिडीह: बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. समीक्षा के क्रम में सभी निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युतीकरण कार्य जैसे लाइट, बल्ब, पंखा, स्विच और पेयजल, शौचालय आदि जैसे कार्यों को गति के साथ पूरा करें. इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि जिन प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य अधूरे है या किसी समस्या के कारण लंबित है, उसे यथाशीघ्र भवन निर्माण विभाग से आपसी समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य में आ रही दिक्कतों का त्वरित निराकरण करें. इसके साथ ही सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं का जायजा लें और गुणवत्ता पूर्ण कार्यों को प्राथमिकता दें और तय समय पर निर्माण कार्य को पूरा कराएं.
इसके अलावा उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं जैसे पोषाहार वितरण, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, कन्यादान योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, विद्युत व शौचालय आदि मूलभूत सुविधाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं/धात्री महिलाओं एवं नवजात बच्चों को दी जाने वाली पोषाहार की जानकारी ली गई एवं पोषाहार को सुनियोजित तरीके से वितरण करने हेतु आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया.

बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करें. उपायुक्त ने कुपोषण उपचार केंद्र (MTC) और SAM & MAM (Severely Acute Malnutrition & Moderate Acute Malnutrition) की समीक्षा की, जिसमें कुपोषित बच्चों के उपचार और पोषण संबंधी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने कुपोषण उपचार केंद्रों में गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को भर्ती कर समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कुपोषण उपचार केंद्रों (MTC) में गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों (SAM) को भर्ती करने और उनका इलाज करने पर जोर दिया. इसके अलावा उपायुक्त ने सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना 2025- 26 के तहत राज्यांश के वितरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए. इसके साथ ही आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका के शेष मानदेय का भुगतान यथाशीघ्र करने का निर्देश दिया. बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध संचालित अल्ट्रासाउंड क्लीनिक का निरीक्षण करें और जांच कर अपने वरीय अधिकारी को सूचित करें.
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
