गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने AI समिट रोबोट विवाद पर मांगी माफी, प्रोफेसर पर लगाया दोष
नई दिल्ली: इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में गलगोटिया यूनिवर्सिटी का स्टॉल चर्चा में आ गया, जब वहां प्रदर्शित रोबोट डॉग को संस्थान की अपनी खोज बताया गया। यह Unitree Go2 नाम का चीनी रोबोट था, जिसे प्रोफेसर नेहा सिंह ने कैमरे पर 'हमारे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' की देन करार दिया। विवाद बढ़ने पर आयोजकों ने यूनिवर्सिटी को स्टॉल खाली करने का आदेश दे दिया, जिसके बाद बुधवार को संस्थान ने आधिकारिक बयान जारी कर सफाई दी।
यूनिवर्सिटी के स्टेटमेंट में साफ कहा गया कि पवेलियन संभाल रही एक प्रतिनिधि 'अच्छी तरह से सूचित नहीं थी'। 'उसने प्रोडक्ट के तकनीकी मूल (चीनी ओरिजिन) की जानकारी न होने के कारण कैमरे पर उत्साह में गलत बातें कह दीं, जबकि वह प्रेस से बोलने के लिए अधिकृत भी नहीं थी।' बयान में गहरा अफसोस जताते हुए आयोजकों की भावनाओं को समझा गया और बताया गया कि स्टॉल पहले ही खाली कर दिया गया है। संस्थान ने जोर देकर कहा कि यह कोई संस्थागत इरादा नहीं था, बल्कि व्यक्तिगत चूक थी।

