Crime News: दिनदहाड़े युवक का अपहरण, बेरहमी से तोड़े हाथ-पैर, उंगलियों के नाखून उखाड़े
भोपाल: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक ऐसी वारदात ने इलाके को दहला दिया है, जहां दिन दहाड़े एक युवक का अपहरण कर उसके साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं. बनापुरा क्षेत्र के सिवनीमालवा थाना अंतर्गत अल्ताफ शाह नाम के युवक को कुछ बदमाशों ने जबरन एक वाहन में खींच लिया और सुनसान जगह ले जाकर उसकी जमकर पिटाई की. इस क्रूर हमले में उसके दोनों हाथ-पैर तोड़ दिए गए, साथ ही बाएं हाथ की दो उंगलियों के नाखून तक उखाड़ फेंके गए, जो घटना की भयावहता को बयां करता है.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और घायल अल्ताफ को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां डॉक्टर सृष्टि रघुवंशी ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज जारी है. इधर, अस्पताल और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जो इस जघन्य अपराध के खिलाफ गुस्से का इजहार कर रही थी.

