Koderma News: रात में मां के पास सोया था बच्चा, सुबह कुएं में मिला शव… आखिर क्या हुआ?
पुलिस ने मां और फूफा को हिरासत में लिया
कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बालक का शव कुएं से मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आर्यन यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा रात में घर से लापता हो गया था और सुबह उसका शव कुएं में मिला।
कोडरमा: जिले के डोमचांच थाना अंतर्गत घरबरियाबर गांव में सात वर्षीय बालक का शव कुएं से बरामद किया गया है। मासूम बच्चे आर्यन यादव (पिता पवन यादव) की हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक दिया गया था।


सुबह जब बच्चे का कहीं पता नहीं चला तो खोजबीन शुरू हुई। इसी बीच गांव के एक कुएं में बच्चे का शव मिलने से मामले का खुलासा हुआ। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला।
इस दौरान ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने का विरोध किया, हालांकि पुलिस अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ग्रामीणों ने स्वजनों पर ही हत्या का संदेह जताया है।
पुलिस ने बच्चे की मां और उसके फूफा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।
