Koderma News: मंजुला शर्मा मेमोरियल एकेडमी में 12वीं पुण्यतिथि व स्थापना दिवस आयोजित
कोडरमा के डोमचांच स्थित मंजुला शर्मा मेमोरियल एकेडमी में स्वर्गीय मंजुला शर्मा की 12वीं पुण्यतिथि एवं स्थापना दिवस श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, श्रद्धांजलि अर्पण और शिक्षकों के सम्मान का आयोजन किया गया।
कोडरमा: डोमचांच स्थित मंजुला शर्मा मेमोरियल एकेडमी के प्रांगण में स्वर्गीय मंजुला शर्मा की 12वीं पुण्यतिथि एवं विद्यालय का स्थापना दिवस अत्यंत श्रद्धा, भावनात्मक वातावरण एवं गरिमामय तरीके से मनाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय में गायत्री परिवार, डोमचांच के सौजन्य से भजन-कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशासक राम प्रवेश पांडेय ने विद्यालय के 20 वर्षों के गौरवपूर्ण सफर का विस्तृत चित्र प्रस्तुत किया तथा संस्था के भविष्य के विजन को साझा किया। उन्होंने शिक्षकों को पूर्ण समर्पण, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने का संदेश देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता बनाए रखने पर बल दिया।
मुख्य अतिथि मधुलिका देव इस अवसर पर अपनी बड़ी बहन स्वर्गीय मंजुला शर्मा को स्मरण कर भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि मंजुला जी की स्मृति में स्थापित यह विद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि संस्कारों का भी प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर विद्यालय के उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में राकेश रौशन, प्रीति कुमारी चौधरी, राजन कुमार मेहता, प्रिंस वर्णवाल, संजीत शर्मा, आशीष कुमार, अमिता राय, कु. रिया कुमारी, कु. आर्ची कुमारी एवं कु. अंजलि कुमारी शामिल रहे।
वहीं, विद्यालय में उत्कृष्ट सेवा के लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजु राना को “श्रेष्ठ कर्मचारी सम्मान” से सम्मानित किया गया। साथ ही वाहन चालकों, उप-चालकों एवं सफाई कर्मचारियों को भी उत्तरीय प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संस्थापक प्रोफेसर डॉ. के. पी. शर्मा के योगदान की सराहना की गई।
समारोह का समापन श्रद्धांजलि, सम्मान एवं संकल्प के साथ हुआ, जहां सभी ने स्वर्गीय मंजुला शर्मा के आदर्शों पर चलने एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने का संकल्प लिया।
