साहिबगंज स्टेशन को मिलेगी बड़ी सौगात, DMU वाशिंग पिट लाइन का निर्माण
600 मीटर लंबी पिट लाइन से होगा ट्रेनों का आधुनिक मेंटेनेंस
साहिबगंज में 33 करोड़ की लागत से वाशिंग पिट लाइन बनेगी, जिससे रेल सेवाएं और मेंटेनेंस बेहतर होंगे।
साहिबगंज: रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए साहिबगंज रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर अत्याधुनिक डीएमयू (डीजल मल्टीपल यूनिट) मेंटेनेंस वाशिंग पिट लाइन का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 33 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में रेल सेवाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। साहिबगंज स्टेशन के पास 600 मीटर लंबी वाशिंग पिट लाइन के निर्माण से ट्रेनों की तकनीकी जांच और मेंटेनेंस का काम आधुनिक तरीके से किया जाएगा।

मालदा रेल मंडल अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, पिट लाइन निर्माण के लिए अधिकांश जमीन रेलवे के पास उपलब्ध है, जबकि शेष जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यह परियोजना साहिबगंज जिले के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी। परियोजना पूर्ण होने से रेलवे की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों मालदा रेलमंडल के वरीय अधिकारियों की एक टीम ने इस परियोजना को लेकर जिला प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण बैठक की थी। उपायुक्त हेमन्त सती ने उक्त परियोजना को प्राथमिकता देने और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
क्या होता है वाशिंग पिट लाइन?
पिट लाइन वह विशेष रेलवे ट्रैक है, जो एक लंबे जमीनी गड्ढे के साथ बना होता है, जहाँ ट्रेनों के कोचों की गहरी सफाई, ब्रेक सिस्टम की जाँच, अंडरफ्रेम रखरखाव और वाशिंग का काम होता है। यह सुरक्षा के लिए ट्रेनों का मेंटेनेंस सुनिश्चित करता है। ट्रेन के डिब्बों के नीचे की पाइपलाइन, पहियों और ब्रेक सिस्टम की जाँच के लिए कर्मचारी आसानी से इस गड्ढे में उतरकर काम करते हैं। ट्रेनों के अंदर और बाहर की पानी से धुलाई और साफ-सफाई की जाती है। प्राइमरी और सेकेंडरी मेंटेनेंस के लिए ट्रेनों को यहाँ खड़ा किया जाता है, ताकि यात्रियों की यात्रा सुरक्षित हो।
