Bokaro News: गरीबी से तंग आकर युवक ने कुंआ में कूदकर दी जान
23 वर्षीय युवक की मौत से परिजनों का बुरा हाल
चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित बोल बम भंडार के पास मंगलवार को एक 23 वर्षीय युवक विकास रविदास ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नशे की हालत में था और रोकने के बावजूद उसने कुएं में छलांग लगा दी। विकास प्रेम नगर का निवासी था और कचरा चुनकर जीवन यापन करता था। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बोकारो: चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्टेशन रोड स्थित भीड़भाड़ वाले बोल बम भंडार के पास एक युवक ने दिनदहाड़े कुएं में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नशे की हालत में वहां पहुंचा, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गरीबी से तंग आकर उसने बिना किसी से कुछ कहे अचानक कुएं में छलांग लगा दिया। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने उसे रोकने और बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन युवक ने उसकी बात नहीं मानी और जबरदस्ती कुएं में कूद गया। यह पूरी घटना कुछ ही पलों में घटित हो गई।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को कुएं से बाहर निकालकर उसे तुरंत डीवीसी अस्पताल चंद्रपुरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर तुरंत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि युवक नशे का आदी था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दुख का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने एक बार फिर समाज में नशे की बढ़ती समस्या और उसके दुष्परिणामों को उजागर कर दिया है। युवक की मौत से काफी प्रश्न खड़ा हो रहा है। आखिर पुलिस प्रशासन के जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।
