सेक्टर पदाधिकारी चुनाव प्रबंधन में निभाते हैं अहम भूमिका : अजय कुमार
मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर दिया गया जोर
कोडरमा में नगरपालिका चुनाव को लेकर सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें चुनाव प्रबंधन, मतपेटिका संचालन और आदर्श आचार संहिता की विस्तृत जानकारी दी गई।
कोडरमा : उपायुक्त सभागार, कोडरमा में नगरपालिका चुनाव को लेकर सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी अजय कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक कोडरमा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षक सुदीप सहाय, अश्विनी तिवारी, मनोज चौरसिया एवं नरेश यादव के द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण की शुरुआत करते हुए नोडल पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि सेक्टर अधिकारी पीठासीन अधिकारियों, मतदान दलों, रिटर्निंग अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है।

उन्होंने मतपेटिका के खोलने,सील करने एवं मतदान करने तथा मतदान के पश्चात सील कर स्ट्रांग रूम में जमा करने तक मतदान दल के साथ समन्वय बना कर चुनाव संपन्न कराने की विधि को बताया। प्रशिक्षक अश्विनी तिवारी ने सेक्टर पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं यथा रैंप, पानी, बिजली, शौचालय आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं आदर्श आचार संहिता का पालन कराने से संबंधित जानकारियां दीं।
प्रशिक्षक मनोज चौरसिया एवं नरेश यादव ने सभी प्रकार के लिफाफों एवं प्रपत्रों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रशिक्षण कोषांग के प्रभारी प्रेम कुमार, प्रशिक्षक रामचंद्र ठाकुर, विवेक रंजन, दिलीप बरनवाल, रविकांत रवि आदि ने आवश्यक जानकारियां दीं।
