Koderma News: दो गांवों में 8 घरों से हुई चोरी, ताला तोड़ नगद और कीमती जेवरात ले गए चोर
घटना की सूचना मिलते ही मरकच्चो थाना प्रभारी नंद किशोर तिवारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए।
कोडरमा: मरकच्चो थाना क्षेत्र के गगरेसिंगा व योगिडीह गांव में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक साथ लगभग 8 घरों में चोरी की। बताया जाता है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से कई घरों का ताला तोड़कर नगद राशि गहने एवं कीमती सामान उड़ा लिए। सुबह जब लोगों को घटना की जानकारी हुई तो पूरे गांव में अफरा तफरी का माहौल फैल गया। ग्रामीणों ने बताया कि चोर देर रात गांव में घुसे और घरों को निशाना बनाया। घटना से ग्रामीणों में भारी दहशत व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से गांव में गस्त बढ़ाने और शीघ्र ही चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
घटना की जानकारी देते हुए अलग-अलग गृहस्वामी ने अपनी अपनी आपबीती बताई है। थाना क्षेत्र के गगरेसिंघा निवासी चिंता देवी ने बताया कि चोरों द्वारा उनके घर से दो लाख रुपए नगद सहित लगभग एक लाख रुपए के सोने, चांदी के जेवरात, जमीन का केवाला व पासबुक की चोरी कर ली गई है। वहीं सुमित्रा देवी ने बताया कि बीती देर रात करीब 10 बजे वे लोग करमा का गीत गा कर अपने घर लौटे और सो गए थे। सुबह उठकर देखा तो पाया कि उनके घर से एक लाख रुपए नगद की चोरी हो चुकी थी। गगरेसिंघा की ही बिंदकी देवी ने बताया कि बीती रात वे लोग अपने पुराने मकान में ताला जड़कर अपने नए मकान में सोने के लिए चले गए थे। सुबह चोरी का हल्ला होने पर वे अपने पुराने मकान पहुंची तो देखा कि वहां का ताला टूटा हुआ था। वहीं उक्त घर से तीस हजार रुपए नगद सहित लगभग एक लाख रुपए के सोने चांदी के जेवर की चोरी हो चुकी थी। वहीं कमलेश मसोमात के कमरे से पेंशन का चार हजार रुपए गायब थे। कारू साव ने बताया कि उनके घर से चोरों द्वारा बीस हजार रुपए के बर्तन सहित 60 हजार रुपए का जेवर चोरी हुआ है।
Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.
