Koderma News: ब्रेन हेमरेज के बाद जिला कल्याण पदाधिकारी का निधन, रांची में थीं इलाजरत
इसी महीने किया था कार्यभार ग्रहण
दूधीमाटी में किराये के मकान में रहकर वह रोजाना सरकारी वाहन से कार्यालय आती थीं।
कोडरमा: थाना क्षेत्र के दूधीमाटी स्थित किराए के आवास में रह रहीं जिला कल्याण पदाधिकारी शीतल उषा किरण कांडील का रविवार को इलाज के दौरान रांची में निधन हो गया। मूलतः हजारीबाग निवासी श्रीमती कांडील किराये के मकान में शनिवार सुबह अचेत अवस्था में पाई गईं थी जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद ब्रेन हेमरेज की पुष्टि होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कल्याण पदाधिकारी के सरकारी वाहन चालक शंकर ने बताया कि रोज की तरह शनिवार सुबह करीब नौ बजे वह उन्हें कार्यालय ले जाने के लिए दूधीमाटी स्थित आवास पहुंचा था। वहां दरवाजा अंदर से बंद मिला और मोबाइल फोन पर भी कोई उत्तर नहीं मिला। काफी देर इंतजार के बाद शंकर ने मकान मालिक की मदद से दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुआ। अंदर डीडब्ल्यूओ शीतल बेहोश अवस्था में जमीन पर गिरी पड़ी थीं। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया, जहां सीटी स्कैन में ब्रेन में ब्लड क्लॉट की पुष्टि हुई। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. रंजीत कुमार ने बताया कि ब्रेन हेमरेज के कारण उनकी मस्तिष्क की गतिविधि प्रभावित हुई। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल रांची रेफर कर दिया गया था। सूचना मिलते ही विभागीय कर्मी और अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। इस बीच पदाधिकारी के पति भी अस्पताल पहुंच गए और उन्हें रांची ले गए।
बता दें कि शीतल उषा किरण कांडील ने इसी महीने 8 अगस्त को कोडरमा जिला में बतौर कल्याण पदाधिकारी कार्यभार ग्रहण किया था। दूधीमाटी में किराये के मकान में रहकर वह रोजाना सरकारी वाहन से कार्यालय आती थीं।
Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.
