कोडरमा हाजत कांड: युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच शुरू
मौत के कारण को लेकर पुलिस और डॉक्टरों में मतभेद
कोडरमा जिले के जयनगर थाना में एक व्यक्ति ने पुलिस हिरासत के दौरान हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक विजय यादव को उसकी पत्नी की शिकायत पर शराब के नशे में मारपीट के आरोप में हिरासत में लिया गया था।
कोडरमा : शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करने के मामले में, पत्नी द्वारा लिखित शिकायत किए जाने पर जयनगर पुलिस द्वारा थाना लाए गए एक व्यक्ति ने हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान परसाबाद के कटिया गांव निवासी विजय यादव के रूप में की गई है।

उक्त आवेदन के आलोक में परसाबाद पिकेट प्रभारी प्रमोद सिंह कटिया गांव स्थित विजय यादव के घर पहुंचे और उसे हिरासत में लेकर जयनगर थाना ले आए। इसके बाद विजय को थाना के हाजत में रखा गया था।
शुक्रवार सुबह जयनगर पुलिस द्वारा विजय को नाश्ता कराया गया था और वह पूरी तरह सामान्य था। इसी बीच सुबह करीब 11 बजे उसकी पत्नी व पुत्री थाने आईं और उससे बातचीत की। बातचीत के बाद वे थाने से बाहर निकल गईं।
इसी दौरान पुलिस की थोड़ी देर की गैरमौजूदगी में विजय ने हाजत में फांसी लगा ली। इसके बाद पुलिस उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जयनगर पुलिस का कहना है कि उसके गले में धागे की एक माला थी, उसी से उसने गला दबा लिया, जिससे उसकी मौत हुई। वहीं, सदर अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि उसकी मौत फांसी लगाने के कारण हुई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।
मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह ने कहा कि यदि इस मामले में किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
