Koderma News: सदर अस्पताल की बदलेगी सूरत: प्रबंधन समिति की बैठक में विकास का खाका तैयार
इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए होगा पहले भौतिक निरीक्षण
कोडरमा में मंगलवार को सदर अस्पताल परिसर में प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव ने की। बैठक में सिविल सर्जन और विभिन्न क्षेत्रों के विधायक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। चर्चा का मुख्य केंद्र अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार रहा। जिप अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि किसी भी योजना को मंजूरी भौतिक निरीक्षण के बाद ही दी जाएगी। साथ ही, बेहतर परिणाम देने के लिए कार्यदायी एजेंसियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।
कोडरमा: सदर अस्पताल, कोडरमा की प्रबंधन समिति की बैठक मंगलवार को सदर अस्पताल स्थित सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष सह प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामधन यादव ने की। बैठक में सीएस डॉ अनिल कुमार, एसीएमओ डॉ पी मिश्रा, डीएस डॉ रंजीत कुमार डीपीएम महेश कुमार के अलावे बरही, बरकट्ठा व कोडरमा के विधायक प्रतिनिधि मुख्य रूप से मौजूद थे। डीएस डॉ रंजीत कुमार ने प्रबंधन समिति के समक्ष एजेंडा प्रस्तुत किया, जिसपर समिति ने विस्तार से चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए जिप अध्यक्ष सह प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामधन यादव ने कहा कि सदर अस्पताल में ईलाज कराने आने वाले मरीजो को बेहतर सुविधा मिले, इसका प्रयास गंभीरता से सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में सुधार हो और मरीजों की जरूरत के हिसाब से इंफ्रास्ट्रक्चर व सुविधाओ में बढ़ोतरी होनी चाहिए।

