Koderma News: उपायुक्त और एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग, रामनवमी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जुलूस के दौरान किसी भी अवांछित गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश।
रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कोडरमा जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफ किया। डीसी ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान सुरक्षा मानकों में कोई समझौता नहीं होगा और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सीधी जेल होगी। एसपी ने पुलिस बल को पूरी तैयारी और सुरक्षा गियर के साथ मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
कोडरमा: रामनवमी पर्व के अवसर पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले अंतर्गत प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। उपायुक्त ने सभी दंडाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि रामनवमी पर्व जिलेवासियों के लिए आस्था और उल्लास का प्रतीक है, लेकिन इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। सभी दंडाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे समय से अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।

उन्होंने सभी दंडाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जुलूस समितियों द्वारा नामित स्वयंसेवकों से समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस संपन्न कराने में सहयोग लें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को समय से अपने-अपने स्थलों पर पहुंचने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी थानों को पुलिस बल को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर आदि के साथ तैयार रखने का निर्देश दिया। पुलिस जवानों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
संयुक्त ब्रीफिंग में स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा नागरिकों से सहयोग की अपील की गई, ताकि रामनवमी का पावन पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। इस अवसर पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित थे।
