Palamu News: उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के संयुक्त नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च
प्रशासन ने नागरिकों से शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का आग्रह किया
आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने हेतु मेदिनीनगर और चैनपुर क्षेत्र में उपायुक्त समीरा एस एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन के नेतृत्व में वृहद फ्लैग मार्च निकाला गया। अधिकारियों ने शाहपुर, मुस्लिम नगर और शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और जुलूस मार्गों का जायजा लिया। डीसी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन आम जनता के साथ खड़ा है और सभी तैयारियां सुदृढ़ हैं। वहीं, एसपी ने चेतावनी दी कि ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जा रही है और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मेदिनीनगर: आगामी रामनवमी पर्व को लेकर बुधवार को चैनपुर के बाजार क्षेत्र एवं मेदिनीनगर शहर के बाजार क्षेत्र फ्लैग मार्च निकाला गया। उपायुक्त समीरा एस एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन के नेतृत्व में चैनपुर थाने से चैनपुर के विभिन्न बाजार वाले रास्तों से होकर शाहपुर के विभिन्न गली-मौहल्लों में डीसी-एसपी व बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने मार्च निकाला। इसके पश्चात शहर थाना से मुस्लिम नगर एवं संपूर्ण बाजार क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया।इसमें जिले के कई वरीय पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। इस दौरान पदाधिकारियों ने रामनवमी जुलूस मार्ग,रामनवमी जुलूस मिलन स्थल सहित कई स्थानों का भ्रमण कर विधि व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने कहा कि फ्लैग मार्च के जरिए पर्व की तैयारी का फीडबैक लिया जा रहा है साथ ही जुलूस वाले रास्तों का अवलोकन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज जुलूस वाले रास्तों का री-वेरिफिकेशन किया जा रहा है। रामनवमी में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी तरह के अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। फ्लैग मार्च में सदर एसडीएम सुलोचना मीणा,उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन,सदर सीओ जागो महतो समेत संबंधित अंचल व थाना पदाधिकारी एवं पुलिस जवान शामिल हुए।
