Koderma News: विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक सम्मानित
शिक्षक दिलीप कुमार के कुशल मंच संचालन में संपन्न हुआ गरिमामय कार्यक्रम
आयुष्मान भारत योजना के तहत संचालित 'विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम' में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 60 शिक्षकों को कोडरमा के बिरसा सांस्कृतिक सभागार में सम्मानित किया गया। सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार और एपीओ कृष्णा सिंह ने शिक्षकों को 'स्वास्थ्य एवं आरोग्य दूत' (Health and Wellness Ambassadors) के रूप में सराहा। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक मंगलवार को जिले के विद्यालयों में बच्चों को पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति और इंटरनेट सुरक्षा जैसे 16 गंभीर विषयों पर शिक्षित किया जा रहा है। यह पहल शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग और 'सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज' के तकनीकी सहयोग से बच्चों के सुनहरे और स्वस्थ भविष्य के लिए चलाई जा रही है।
कोडरमा: बिरसा सांस्कृतिक सभागार में विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य एवं आरोग्य दूतों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के 30 विद्यालयों से कुल 60 शिक्षकों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम, आयुष्मान भारत के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज के तकनीकी सहयोग से जिले में संचालित किया जा रहा है।

सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत नामित हेल्थ एंड वेलनेस एंबेसडर के माध्यम से बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, योग एवं जीवन कौशल शिक्षा से संबंधित जानकारी दी जाती है, जिससे उनमें स्वस्थ जीवनशैली का विकास हो सके। उन्होंने सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में सहयोग करें, ताकि बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर हो सके और एक स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके। एपीओ कृष्णा सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी है और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं आरोग्य दूत विद्यालय स्तर पर बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और उनका यह प्रयास समाज के स्वस्थ भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होगा। शिक्षक दिलीप कुमार ने मंच संचालन किया एवं प्रदीप कुमार ने कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। वहीं स्वास्थ्य विभाग से दीपेश कुमार, डॉ. सिद्धांत ओहदार, आदित्य कुमार एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।
