Hazaribagh News: रामनवमी, ईद-उल-फितर एवं सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु बैठक आयोजित
बिजली के तार, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी: त्योहारों के लिए पुख्ता इंतजाम
हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने आगामी रामनवमी, ईद और सरहुल पर्वों के सफल आयोजन हेतु जिले के मौलानाओं, मौलवियों और सद्भावना विकास मंच के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में बिजली के झूलते तारों, सड़कों की मरम्मत, विवादित गानों पर रोक और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सभी से भाईचारे की अपील की।
हजारीबाग: जिला प्रशासन द्वारा आगामी रामनवमी, ईद-उल-फितर एवं सरहुल जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने एवं विधि व्यवस्था का नियम संगत पालन हो। इसी उद्देश्य से प्रशासन सभी वर्गों एवं समुदायों के गणमान्य एवं बुद्धिजीवी नागरिकों से संवाद कर रही है। इसी कड़ी में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शहर के विभिन्न मौलाना, मौलवी, सद्भावना विकास मंच के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सभी प्रतिनिधियों ने बारी-बारी से अपनी बात रखते हुए जिला प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

जिला प्रशासन द्वारा सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें सुदृढ़ एवं प्रभावी ढंग से लागू करने का आश्वासन दिया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांति बनाए रखते हुए त्योहारों को मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने वाले या असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे सहयोग की भावना के साथ प्रशासन का साथ दें, ताकि सभी पर्व शांति, सौहार्द एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हो सकें।
बैठक में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के अतिरिक्त सदर एसडीओ आदित्य पांडेय, अपर समाहर्ता संतोष सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आनंद शर्मा, डीसीएलआर राजकिशोर प्रसाद, डीपीआरओ रोहित कुमार, एनडीसी प्रदीप कुमार सहित सद्भावना विकास मंच के सदस्य, इरफान अहमद काजू, अब्दुल ग़ालिब सईद, मो. इकबाल रजा, सैयद कुंवर, मो. मुस्तकीम, फहीमुद्दीन, गुलाम फहुद्दीन, मो. इहतेशान, दानिश, मो. शहगद, रिंकू हुसैन, मकसिर आलम, सोहेल खान, परवेज अहमद, कमरुद्दीन, इकरार अहमद, सबा करीम, जफर शरीफ, शाहिद हुसैन, मो. महताब, कामिल अख्तर, ग़ालिब अहमद, मो. इस्माइल अंसारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
