Hazaribagh News: विधायक रोशन लाल चौधरी ने बड़कागांव व पतरातू को अनुमंडल बनाने का किया मांग
शीघ्र एसडीओ कार्यालय की स्थापना की मांग, राजस्व कार्यों में तेजी लाने का दिया सुझाव
बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने सदन में गैर सरकारी संकल्प के जरिए हजारीबाग के बड़कागांव, केरेडारी और रामगढ़ के पतरातू को अलग अनुमंडल बनाने की मांग की है। उन्होंने तर्क दिया कि इन क्षेत्रों की जनसंख्या (पतरातू 2.30 लाख, बड़कागांव 1.50 लाख) और औद्योगिक महत्ता को देखते हुए स्थानीय स्तर पर एसडीओ कार्यालय होना अनिवार्य है। विधायक ने कहा कि जब इन क्षेत्रों में पुलिस अनुमंडल (SDPO) कार्यरत हैं, तो प्रशासनिक अनुमंडल का गठन जनहित में अत्यंत आवश्यक है।
बड़कागांव: विधायक रोशन लाल चौधरी ने गैर सरकारी संकल्प के माध्यम से हजारीबाग जिले के बड़कागांव, केरेडारी एवं रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड को पृथक अनुमंडल (सब-डिवीजन) के रूप में अधिसूचित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि ये क्षेत्र प्रशासनिक, भौगोलिक और जनसंख्या की दृष्टि से अनुमंडल गठन की सभी आवश्यक शर्तों को पूरा करते हैं। संकल्प में बताया गया कि बड़कागांव प्रखंड में 23 पंचायत और लगभग 1.50 लाख की आबादी है, जबकि केरेडारी प्रखंड में 16 पंचायतों के साथ करीब 90 हजार की जनसंख्या निवास करती है। वहीं रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड में 46 पंचायत और लगभग 2.30 लाख की आबादी है, जो औद्योगिक, शैक्षणिक और पर्यटन दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है।

वर्तमान में लोगों को जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है। आगे विधायक चौधरी ने सरकार से मांग की कि बड़कागांव,केरेडारी एवं पतरातू को शीघ्र पृथक अनुमंडल घोषित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय की स्थापना की जाए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ हो और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
