Crime News: बेंगाबाद से अपहृत नाबालिग छत्तीसगढ़ से सकुशल बरामद, आरोपी शैलेंद्र यादव को जेल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी और उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा कर बातचीत शुरू की थी।
गिरिडीह: बेंगाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव से 11 जुलाई को लापता हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने छत्तीसगढ़ से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में आरोपी युवक शैलेंद्र यादव को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।घटना के दिन खेत में काम कर रहे माता-पिता के लिए पानी लाने घर गई नाबालिग अचानक गायब हो गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने बेंगाबाद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में थाना कांड संख्या 107/25 के तहत अज्ञात के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि उन्हें लगातार तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकी भरे कॉल आ रहे थे। कॉल करने वाला युवक स्पष्ट शब्दों में कह रहा था, “आपकी बेटी को भगा ले गया हूं, जेल जाने से नहीं डरता, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।
”मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली और जांच तेज कर दी। जांच में यह खुलासा हुआ कि नाबालिग को बहला-फुसलाकर छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई थाना क्षेत्र ले जाया गया है। इसके बाद बेंगाबाद थाना द्वारा गठित विशेष टीम ने छत्तीसगढ़ में छापेमारी कर नाबालिग लड़की और आरोपी युवक शैलेंद्र यादव को बरामद किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी और उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा कर बातचीत शुरू की थी। बरामदगी के बाद दोनों को बेंगाबाद लाया गया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। गौरतलब है कि यही आरोपी युवक कुछ माह पहले भी इसी नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया था, और उस वक्त भी पुलिस ने उसे छत्तीसगढ़ से बरामद किया था। पुनः इस तरह की घटना सामने आने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and timely reporting. Dedicated to quality journalism, Samridh Media Desk delivers reliable and impactful news coverage that keeps readers informed.
