Dumka News: समाहरणालय सभागार में जल महोत्सव का उद्घाटन
उत्कृष्ट कार्य करने वाली जल सहियाओं को किया गया सम्मानित
दुमका समाहरणालय में आयोजित 'जल महोत्सव' के दौरान उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने जल सहियाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी और उनके कार्यों की सराहना की। आगामी गर्मी को देखते हुए उपायुक्त ने खराब पेयजल स्रोतों को अविलंब ठीक करने और तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जल सहियाओं के साथ विद्युत मिस्त्रियों को जोड़ने का निर्देश दिया।
दुमका: समाहरणालय सभागार में जल महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने उपस्थित सभी जल सहियाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जल सहिया ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सभी जल सहियाओं को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र के सभी पेयजल स्रोतों पर विशेष ध्यान रखें, ताकि गर्मी के दिनों में आम जनों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी जल सहियाओं के साथ विद्युत मिस्त्री की टैगिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे छोटी-छोटी तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके और पेयजल आपूर्ति बाधित न हो।कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली जल सहियाओं को उपायुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संबंधित विभाग के पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में जल सहियाएँ उपस्थित थे।
