Dhanbad News: मॉन्टफोर्ट एकेडमी में मेधावी छात्रों के लिए विशेष छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत
वार्षिक फीस में भारी राहत से छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की राह होगी आसान
राजगंज स्थित मॉन्टफोर्ट एकेडमी ने मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए एक उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की है। सांसद प्रतिनिधि हनीत नारंग द्वारा उद्घाटित इस योजना के तहत चयनित छात्रों को 80% तक की स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। इसके लिए 24 से 30 मार्च तक विद्यालय में दो पालियों में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्राचार्य राजेश कुमार और डायरेक्टर ऋषि खुराना ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षा के मार्ग में आने वाली आर्थिक बाधाओं को दूर करना और प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करना है।
बाघमारा: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट पहल को लेकर मॉन्टफोर्ट एकेडमी, राजगंज चर्चा में है। मंगलवार को विद्यालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की गई। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि हनीत नारंग ने फीता काटकर योजना का उद्घाटन किया और इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर प्राचार्य राजेश कुमार, डायरेक्टर ऋषि खुराना और डॉ. प्रशांत कुमार ने योजना की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि योजना से मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन मिलेगा और आर्थिक बाधाओं को भी दूर किया जा सकेगा।

