अचानक लगी आग ने छीनी जीवन भर की कमाई, मकान मालकिन बदहवास
वेंटीलेटर से बाहर निकलती लपटें देख दहशत में आए लोग
पूर्वी सिंहभूम के मानगो थाना क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से एक मकान में भीषण आग लग गई। आग में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि घर बंद होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ।
पूर्वी सिंहभूम : मानगो थाना क्षेत्र स्थित दाईगुट्टू के कावेरी रोड में शनिवार को एक मकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग उर्मिला देवी के घर में लगी और देखते ही देखते इतनी तेजी से फैल गई कि पूरा मकान धू-धू कर जलने लगा। वेंटीलेटर से बाहर निकलती तेज लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं।
घटना के समय घर के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने धुआं और आग की लपटें उठती देख तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी और अग्निशमन विभाग को बुलाया। दमकल की गाड़ी पहुंचने तक आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी। चूंकि घर बंद था, इसलिए आसपास के लोगों की मौजूदगी में दरवाजे का ताला तोड़कर दमकलकर्मियों ने भीतर प्रवेश किया और आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
आग बुझाने के दौरान ही मकान मालकिन उर्मिला देवी वहां पहुंचीं। अपने घर को जलता देख वह बिलख पड़ीं। उन्होंने बताया कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। राशन, नकदी, कपड़े, फर्नीचर, रजाई, गद्दे और पलंग तक कुछ भी नहीं बचा।
उर्मिला देवी के मुताबिक आग लगने से ठीक पहले वह घर में ताला लगाकर थोड़ी देर के लिए कुछ जरूरी सामान लेने बाहर गई थीं।
उनका कहना है कि अगर वह उस समय घर के भीतर होतीं तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। उन्होंने भावुक होकर कहा कि शायद भगवान ने ही उन्हें बाहर भेज दिया, क्योंकि उस दिन उनका मन घर से निकलने का नहीं था, लेकिन बार-बार खाने का सामान लाने का ख्याल आ रहा था।

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
