Bokaro News: अवैध कोयला खनन पर छापेमारी, संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर बंद कराया स्थल
प्रशासन ने साफ किया कि भविष्य में भी ऐसी औचक छापेमारी जारी रहेगी
बोकारो जिले के बेरमो प्रखंड अंतर्गत खासमहल फेज-2 के जंगल क्षेत्र में चल रहे अवैध कोयला खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईएसएफ की गुप्त सूचना पर सीसीएल प्रबंधन, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध खदानों को बंद करा दिया। इस अभियान में सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट के.वी.ए. श्रीधर, खासमहल पीओ सत्येंद्र सिंह और गांधीनगर-बीटीपीए थाना की पुलिस शामिल रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति की लूट और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
बेरमो: जिला के बेरमो प्रखंड क्षेत्र में अवैध कोयला खनन का मामला सामने आया है। गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बोकारो और करगली क्षेत्र के खासमहल एरिया स्थित फेज-2 के जंगल क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कोयला खनन किया जा रहा था। बताया जाता है कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचा रही थीं, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न कर रही थीं। साथ ही इससे सीसीएल को राजस्व की भारी क्षति हो रही थी। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ ने तत्परता दिखाते हुए मामले को सीसीएल प्रबंधन के संज्ञान में लाया।

