Bokaro news: राज्यपाल संतोष गंगवार का छात्रों से संवाद, उत्कृष्टता का दिया मंत्र
बोकारो: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने जिला रामरुद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, चास, बोकारो में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना राज्य के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।

उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सपने वे नहीं हैं जो नींद में देखते हैं, बल्कि सपने वे होते हैं जो उन्हें पूरा किए बिना सोने नहीं देते। उन्होंने कहा कि परिस्थितियाँ कैसी भी हों, आत्मविश्वास, परिश्रम और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने तथा अध्ययन और आत्म-विकास पर अधिक ध्यान देने की सलाह दी।राज्यपाल ने अपने संघर्षशील जीवन के बारे में बताते हुए कहा कि जब वे दो वर्ष के भी नहीं थे, तभी उनके पिता जी का देहांत हो गया था। वे ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। आज जो भी हैं, इसमें उनके माता का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियाँ भी व्यक्ति को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकतीं, यदि उसके भीतर दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास हो।
राज्यपाल ने संवाद के क्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘परीक्षा पे चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने का संदेश दिया तथा कहा कि अनावश्यक रूप से अन्य दिशाओं में ध्यान भटकाना अपने साथ अन्याय करना है।
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति का मूल आधार उसकी शिक्षा होती है। उन्होंने कहा कि राज्य में बारहवीं तक की शिक्षा की स्थिति अच्छी तो है, किन्तु उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बहुत पीछे हैं। इसमें सुधार लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता के त्याग को स्मरण रखने तथा शिक्षकों का सम्मान करने का आग्रह किया।राज्यपाल ने संवाद के क्रम में विद्यार्थियों से कहा कि यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या हो तो वे उन्हें पत्र लिखकर अवगत करा सकते हैं।
