Simdega News: एकलव्य मॉडल स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र का आगाज, डीसी और एसपी ने किया उद्घाटन
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर जोर
उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि एकलव्य विद्यालय जनजातीय बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का सशक्त माध्यम है. उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे मेहनत और अनुशासन को अपना जीवन मंत्र बनाएं और शिक्षा को आत्म-विकास का साधन समझकर आगे बढ़ें.
सिमडेगा: जिले के कुलामारा, बांसजोर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का विधिवत शुभारंभ बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया. यह विद्यालय जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा संचालित है. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी उपस्थित रहे. उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई.
परियोजना निदेशक आईटीडीए सरोज तिर्की ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की महत्ता एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि यह विद्यालय जनजातीय समुदाय के बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक युग के लिए तैयार करेगा. वहीं जेएसएलपीएस की दीदियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का माहौल और भी उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय बना दिया.

अंत में उपायुक्त महोदया एवं बच्चों द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया. एवं सत्र 2025-26 में वर्ग 6, 7, एवं वर्ग आठ में 160 बालक-बालिकाओं का नामांकन कराया गया है.
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बांसजोर इमानुएल जयवीरस लकड़ा, अंचलाधिकारी बांसजोर पंकज कुमार भगत, संसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग, जिला परिषद सदस्य बांसजोर, मुखिया सहित अन्य उपस्थित थे.
