Sahebganj News: रामनवमी को लेकर बाजार सज-धज कर तैयार, प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव को खास बनाने में जुटे श्रद्धालु
अयोध्या राम मंदिर निर्माण के बाद तीसरी रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह
साहिबगंज में रामनवमी को लेकर बाजारों में उत्सव का माहौल है। महावीरी झंडे, तलवार और पूजा सामग्री की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद इस बार उत्साह दोगुना है। शहर को आकर्षक तोरण द्वारों और रोशनी से सजाया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि जुलूस और पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
साहिबगंज: रामनवमी पर्व को लेकर प्रखंड मुख्यालय के बाजार पूरी तरह सज-धज कर तैयार हो गए हैं। त्यौहार को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है और हर ओर उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पूरा बाजार रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से जगमगा उठा है। रामनवमी के मद्देनजर पूजा सामग्री, महावीरी झंडे व पताका, फूल-माला, बांस के धाजे व डंडे, तलवार, बच्चों के मुकुट, गदा, धार्मिक झांकियों से जुड़ी वस्तुओं और प्रसाद की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ खरीदारी कर रहे हैं। खासकर युवाओं में झंडा-पताका और तलवार की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को भी सजाया गया है। जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए हैं। शहर में रामनवमी जुलूस को लेकर तैयारी जोरों पर है। स्थानीय पूजा समितियां और अखाड़ा समितियां अपने-अपने स्तर पर आयोजन को भव्य बनाने में जुटी हैं। प्रशासन भी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए अलर्ट मोड में है। बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

