साहिबगंज में जनजातीय विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
लंबित मामलों में शीघ्र प्रगति के निर्देश
साहिबगंज में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में आईटीडीए व कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। छात्रवृत्ति, साइकिल योजना, शिक्षा गुणवत्ता और मुख्यमंत्री योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
साहिबगंज : समेकित जनजातीय विकास अभिकरण (आईटीडीए) एवं कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभुकों तक बिना किसी देरी और भेदभाव के पहुँचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपायुक्त ने जिले के सभी आवासीय विद्यालयों एवं दिवाकालीन विद्यालयों में प्रतिनियुक्त शिक्षकों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि जनजातीय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने विद्यालयों में उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर निरंतर नजर रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही साइकिल वितरण योजना की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए लाभुकों को शीघ्र साइकिल उपलब्ध कराने पर बल दिया।
उपायुक्त ने सभी विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि योजनाओं के लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जनजातीय समुदायों के समग्र विकास का उद्देश्य प्रभावी रूप से पूरा हो सके।
बैठक में आईटीडीए के परियोजना निदेशक संजय कुमार दास सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए लंबित मामलों में तेजी लाने और योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
