साहिबगंज में शिक्षा विभाग की दुर्गति पर डीसी सख़्त, 15 दिन में सुधार का अल्टीमेटम
शिक्षा सुधार को लेकर समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित
साहिबगंज में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त हेमन्त सती ने शिक्षा व्यवस्था की खराब स्थिति पर सख्ती दिखाई। छात्र उपस्थिति कम होने पर अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया और 15 दिनों में सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
साहिबगंज : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में शिक्षा सुधार एवं शिक्षकों के डिजिटल प्रशिक्षण से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा डिजिटल माध्यम से संचालित शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने बीआरपी एवं सीआरपी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आगामी 15 दिनों के भीतर विद्यालयों में छात्र उपस्थिति में ठोस एवं प्रत्यक्ष सुधार सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समय सीमा के भीतर अपेक्षित सुधार नहीं होने की स्थिति में संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार पद से सेवा मुक्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।
बैठक में शिक्षकों के डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि डिजिटल प्रशिक्षण को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा तकनीकी संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम से शिक्षकों को सशक्त बनाकर ही शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्तापूर्ण एवं दीर्घकालिक सुधार लाया जा सकता है।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बीआरपी एवं सीआरपी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी शिक्षा अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने, नियमित अनुश्रवण करने तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार हेतु ठोस एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र अमल में लाने का निर्देश दिया।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
