Koderma News: घाटी में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर की टक्कर से तीन की मौत एक घायल
ब्रेक फेल हो जाने के कारण हुई दुर्घटना
कोडरमा: रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी स्थित नौवां माइल के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. घटना बन्दरचुआं के निकट हुई, जब मेघातरी गांव (कोडरमा) के चार लोग ताराघाटी की ओर जा रहे थे. इनमें दो लोग पैदल थे, जबकि दो बाइक से यात्रा कर रहे थे. इसी दौरान कोडरमा से बिहार की ओर जा रहे एक कंटेनर ने चारों को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. स्थानीय लोगों के अनुसार कंटेनर के ब्रेक फेल हो जाने के कारण यह दुर्घटना हुई।
मृतकों की पहचान अकबरपुर (बिहार) निवासी 30 वर्षीय राहुल भुइयां, मेघातरी (कोडरमा) के 13 वर्षीय अमित कुमार और काली मंडा (कोडरमा) के 18 वर्षीय मोहित कुमार के रूप में हुई है. बताया गया है कि मोहित और अमित बाइक पर सवार थे, जबकि राहुल और अमर भुइयां पैदल जा रहे थे. हादसे में गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय अमर भुइयां, जो कुशहना (मेघातरी) के निवासी हैं, का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है. स्थानीय लोगों ने घायलों को खाट के सहारे टेंपो से अस्पताल पहुंचाया. दुर्घटना के बाद कंटेनर सड़क किनारे खाई में जा गिरा, जिससे कंटेनर चालक को भी हल्की चोटें आईं.

Senior Technical Editor | Writer | Asst. Editor, Political, Geopolitical & Social Affairs
Working across digital media, technology, public discourse, and contemporary political developments.


