Giridih News : वार्ड-16 गोलीकांड में पुलिस ने पांच आरोपितों को किया गिरफ्तार
मुख्य आरोपी सहित पांच लोग गिरफ्तार
गिरिडीह नगर पालिका चुनाव के बाद वार्ड-16 में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुख्य आरोपी शिवम आजाद समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा गोली बरामद हुई है। घटना में घायल दो लोगों का इलाज धनबाद में चल रहा है।
गिरिडीह : नगरपालिका आम चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न होने के बाद सोमवार को वार्ड -16 में गोलीबारी की घटना के मुख्य आरोपित शिवम आजाद सहित पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बुधवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ,पुलिस अधीक्षक डा विमल कुमार ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर कहा कि घटना की संवेदनशीलता एवं नगरपालिका चुनाव के पश्चात हुए हिंसक घटना को देखते हुए मामले के त्वरित खुलासा करने के लिए अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सदर
जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी ) के गठन कर चार अलग-अलग छापेमारी टीम का गठन किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुये टीम ने अलग- अलग स्थान पर छापेमारी कर शिवम कुमार श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद (42 ),अमित विश्वकर्मा ( 43 ), आकाश हाडी ( 32),मंजीत पासवान (28 ), और किशोर पासवान ( 26 )को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों के तलाशी के क्रम में एक देशी पिस्टल और दो जिन्दा गोली बरामद किया गया।
उल्लेखनीय है कि घटना को लेकर आईजी सुनील भास्कर गिरिडीह दो दिनो से कैप कर जांच की मॉनिटरिंग कर रहे थे। घटना सोमवार शाम में मतदान के बाद हुई थी । इस दौरान गोली चली और दो लोग घायल हो गए दोनों धनबाद में इलाजरत है। घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े थे। मतदान के बाद हुई फायरिंग की घटना के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो )के जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने तत्काल प्रभाव से शिवम श्रीवास्तव ऊर्फ शिवम आजाद को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था ।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
