Dhanbad News: एनएचएम के तहत 18 पदों पर 141 नियुक्तियां होंगी, उपायुक्त ने चयन प्रक्रिया तय की
क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और साइकेट्रिक सोशल वर्कर की भी नियुक्ति
धनबाद जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत 18 विभिन्न संविदा श्रेणियों में 141 पदों पर बहाली शुरू कर दी गई है। उपायुक्त आदित्य रंजन ने सिविल सर्जन को पूरी पारदर्शिता के साथ लिखित एवं कौशल परीक्षा के आधार पर चयन करने का निर्देश दिया है। इसमें एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
धनबादः जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 18 संविदा पदों पर कुल 141 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अभ्यर्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ शैक्षणिक योग्यता, लिखित परीक्षा एवं कौशल परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने सिविल सर्जन को भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

