Dhanbad News: कोयला परियोजना के साइट इंचार्ज को जान से मारने की धमकी
पीड़ित संदीप सिंह ने बरोरा थाना प्रभारी को सौंपी शिकायत की कॉपी
बाघमारा के बरोरा थाना क्षेत्र में डेको कंपनी के साइट इंचार्ज संदीप सिंह को नियम विरुद्ध कोयला निकालने से मना करने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपी अजय महतो पर आरोप है कि उसने एएमपी कोलियरी के प्रोजेक्ट ऑफिसर के मोबाइल से फोन कर गाली-गलौज की। बरोरा पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कोयला क्षेत्र के अधिकारियों में असुरक्षा का माहौल है।
बाघमारा: बरोरा थाना क्षेत्र में कोयला उत्पादन कार्य से जुड़े अधिकारियों को धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। आउटसोर्सिंग कंपनी में कार्यरत एक साइट इंचार्ज को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के टीकामगहा थाना जमुआ निवासी संदीप सिंह ने बुधवार देर शाम बरोरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे डेको के लेफ्ट आउट पैच-बी में साइट इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं और फिलहाल हरना कॉलोनी सी-51 में निवास कर रहे हैं।

घटना के बाद पीड़ित ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए थाना प्रभारी से तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इधर, बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने कोयला क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो उत्पादन कार्य प्रभावित हो सकता है।
