Dhanbad News: मेला घूमने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, छह के खिलाफ मामला दर्ज
शव रखकर ग्रामीणों ने तीन घंटे तक थाना घेरा, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर में शीतला पूजा मेले के दौरान 20 वर्षीय बिट्टू धीवर की हत्या कर दी गई। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसे रेलवे लाइन के पास घेरकर पीटा और पानी में डुबोकर मार डाला। इस मामले में अरूप धीवर, विक्रम धीवर और मलिंगा बाउरी सहित छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने निरसा थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया। पुलिस फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र में शीतला पूजा के अवसर पर लगे मेले में घूमने गए एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार की देर शाम की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस मामले में परिजनों की शिकायत पर तीन नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक की पहचान गोपालगंज निवासी 20 वर्षीय बिट्टू धीवर के रूप में हुई है।

मृतक के फुफेरे भाई रोहित धीवर ने बताया कि कुछ दिन पहले मैट्रिक परीक्षा देने के दौरान अरूप धीवर से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। बुधवार की रात जब वह अपने ममेरे भाई बिट्टू के साथ मेला देखने जा रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों से मुलाकात हो गई और उन्होंने हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही निरसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
निरसा क्षेत्र के एसडीपीओ रजत बाक्सला ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद बिट्टू धीवर का शव जैसे ही उसके आवास पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दौरान आरजेडी नेता तारा पदो धीवर के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर निरसा थाना परिसर के सामने शव रखकर करीब तीन घंटे तक घेराव किया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने और जल्द कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद परिजनों ने नम आंखों से युवक का अंतिम संस्कार किया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
