Dhanbad News: सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश: सिंघियाटांड़ में गौ-अवशेष मिलने से फैला तनाव
ग्रामीणों के बीच सुरक्षा का भाव जगाने के लिए निकाला गया मार्च
धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के सिंघियाटांड़ गांव में सोमवार को गौ-अवशेष मिलने से सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। भाजपा नेत्री तारा देवी के रिश्तेदार के बाड़ी में अवशेष मिलने की खबर के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी SDPO आशुतोष कुमार सत्यम और अंचल अधिकारी मुरारी नायक के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फ्लैग मार्च निकाला और दोनों समुदायों के बीच संवाद स्थापित कर शांति बहाल की। प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
धनबाद: जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघियाटांड़ गांव में सोमवार को गौ-अवशेष मिलने की खबर से कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और दो समुदायों के बीच तनाव की आशंका बढ़ गई। जानकारी के अनुसार, भाजपा नेत्री तारा देवी के रिश्तेदार शत्रुघ्न महतो के घर के पीछे स्थित बाड़ी में गौ-अवशेष मिलने की खबर मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर जुटने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बलियापुर थाना सहित आसपास के कई थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बूझकर मामले को शांत कराया और फ्लैग मार्च निकाला। साथ ही इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

