Chaibasa News : मागे परब की रात युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में मागे परब की रात हुई युवक बैशाखू ग्वाला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शराब के नशे में हुए विवाद के बाद दो दोस्तों ने उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पश्चिमी सिंहभूम : जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में मागे परब की रात हुई युवक की हत्या का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया है। 15 फरवरी 2026 की सुबह परमसाई गांव स्थित जोड़ा तालाब से बरामद शव की पहचान भुईयाँसाई गांव निवासी बैशाखू ग्वाला, पिता बिंदु ग्वाला के रूप में हुई थी। मामले में हाटगम्हरिया थाना( कांड संख्या 05/26) दर्ज की गई थी।
मृतक की पत्नी के फर्दबयान पर हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव तालाब में फेंके जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक, चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान सामने आया कि 14- 15 फरवरी की रात बैशाखू ग्वाला को उसके परिचित पराय बोदरा उर्फ डुडरू बोदरा, पिता स्वर्गीय सामु बोदरा, तथा राम गागराई उर्फ बोतलराम गागराई, पिता स्वर्गीय विजय सिंह गागराई, दोनों निवासी हाटगम्हरिया, मागे परब मनाने के लिए घर से बुलाकर ले गए थे।
तीनों ने साथ बैठकर मागे परब मनाया और हड़िया पी। इसके बाद वे कालीमाटी गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में नशे की हालत में कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि बैशाखू ग्वाला ने पराय बोदरा को थप्पड़ मार दिया, जिससे विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर पराय बोदरा और राम गागराई ने मिलकर बैशाखू के साथ मारपीट शुरू कर दी। झाड़ियों के पास उसे पटक कर बेरहमी से पीटा गया। मारपीट के दौरान बैशाखू के गले के पास गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। इसके बाद दोनों ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद दोनों आरोपितों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जोड़ा तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इस मामले के खुलासे में पुलिस अवर निरीक्षक उत्तम तिवारी, सहदेव मंडल,यदुनन्दन महतो सहित सशस्त्र बल शमिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
